आलेख - सामाजिक चेतना कश्मीर टाइम्स 6 सितम्बर 2009
आओ हम ऊँच नीच का भेद मिटाएं
सब समान हैं, चहुं ओर संदेश फैलाएं
भारतीय समाज में कोई जाति से बड़ा है तो कोई धर्म से, कोई पद से ऊँचा है तो कोई धनबल से। प्रश्न उठता है कि क्या ऐसा पहले भी होता था? हां, होता था! पर अब उसमें अंतर आ गया है। पहले हमारी सोच विकसित थी, हम हृदय से विशाल थे, हम संसार का हित चाहते थे परंतु वर्तमान में हमारी सोच बदल गई है। हमारा हृदय बदल गया है, हम निजहित चाहने लगे हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि हम अध्यात्मिक जीवन त्यागकर निरंतर संसारिक भोग विलास की ओर अग्रसर हुए हैं। हमने योग मूल्य भुला दिए हैं जिनसे हमें सुख के स्थान पर दुख ही दुख प्राप्त हो रहे हैं।
देखा जाए तो यह बड़प्पन या ऊँचापन मिथ्या है। पर जो लोग इसे सच मानते हैं अगर उनमें से किसी एक बड़े को उसके माता-पिता के सामने ले जाकर यह पूछा जाए कि वह कितना बड़ा बन गया है तो उनसे हमें यही उत्तर मिलेगा – वह अभी बच्चा है। उसके जीवनानुभवों की उसके माता-पिता के जीवनानुभवों से कभी तुलना नहीं की जा सकती। माता पिता की निष्काम भावना की तरह उसकी सोच का भी जन कल्याणकारी होना अति आवश्यक है। अगर वह ऐसा नहीं करता है तो ऐसी स्थिति में उसे बड़ा या ऊँचा स्थान कदाचित नहीं मिल सकता।
हमारा समाज मिथ्याचारी बड़प्पन और ऊँचेपन की दलदल में धंसा हुआ है। वह तरह-तरह के शोषण, अत्याचार, जातिवाद, छुआछूत, अमीर-गरीब और बाहुबली व्यक्तियों के द्वारा बल के दुरुपयोग से पीड़ित है, जो अत्याधिक चिंता का विषय है।
वास्विकता तो यह है कि हम सब एक ही ईश्वर की संतान हैं, उसका दिव्यांश हैं। वह कण-कण में समाया हुआ है। प्राणियों में मानव हमारी जाति है। भले ही हमारे कार्य विभिन्न हैं पर हमारा धर्म मानवता है। इसलिए वश्विक भोग्य सम्पदा पर हम सबका अपनी-अपनी योग्यता एवं गुणों के अनुसार अधिकार होना चाहिए। किसान और मजदूर खेतों में कार्य करते हैं तो विद्वान उनका मार्गदर्शन भी करते हैं। जिस व्यक्ति का जितना ऊँचा स्थान होता है उसके अनुसार उसकी उतनी बड़ी जिम्मेदारी भी होती है। उसे पूरा करना उसका कर्तव्य होता है। उससे वह भ्रष्टाचार, किसी का शोषण, किसी पर अत्याचार करने हेतु कभी स्वतंत्र नहीं होता है। बलशाली मनुष्य द्वारा उसके बल-पराक्रम का वहीं प्रयोग करना उचित है जहां समाज विरोधी तत्व सक्रिय हों या अनियंत्रित हों।
मनुष्य का बड़प्पन या ऊँचापन उसके कार्य से दिखता है न कि उसके जन्म या खानदान से। मनुष्य को चाहिए कि वह मानव जाति के नाते सब प्राणियों के साथ मनुष्यता ही का व्यवहार करे। उससे न तो किसी का शोषण होता है न किसी से अन्याय, न किसी पर अत्याचार होता है और न किसी का अपमान। सबमें बिना भेदभाव के समानता बनी रहती है। वैश्विक संपदा पर यथायोग्यता अनुसार स्वतः अधिकार बना रहता है। प्रशासनिक व्यवस्था सबके अनुकूल होती है। लोग उसका आदर करते हैं। इससे लोक संस्कृति की संरचना, संरक्षण और संवर्धन होता है।
मनुष्य जाति में पाया जाने वाला अंतर मात्र मनुष्य द्वारा किए जाने वाले कर्मों व उसके गुणों के अनुसार होता है। सद्गुण किसी में कम तो किसी में अधिक होते हैं। वे आपस में कभी एक समान नहीं होते हैं। इसलिए हमें एक दूसरे का सदा सम्मान करना चाहिए।
इससे हम छुआछूत, सामाजिक, आर्थिक एवं न्यायिक असमानता को बड़ी सुगमता से दूर कर सकते हैं। हमारा हर कदम राम-राज्य की ओर बढ़ता हुआ एक आदर्श समाज की कल्पना को साकार कर सकता है।
चेतन कौशल “नूरपुरी”